बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे डीएम-एसपी, राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
3

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को तहसील सेवराई क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं राहत-बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत नरवा घाट से हुई। जिलाधिकारी ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्याप्त संख्या में नाव एवं लाइफ जैकेट उपलब्ध रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित तरीके से आवागमन एवं राहत-बचाव कार्य में सुविधा मिल सके। उन्होंने घाट की सीढ़ियों के नीचे बांस की जाली लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे कोई व्यक्ति तेज बहाव वाले पानी के क्षेत्र में न जा सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत बिरऊपुर एवं हसनपुरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था पहले से कर ली गई है। प्रभावित लोगों को आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही आवश्यक दवाओं का वितरण भी कराया जा रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो। बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुओं के लिए भी पर्याप्त मात्रा में चारे की व्यवस्था की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पशुपालकों को आवश्यकता के अनुसार चारा उपलब्ध कराया जाए, ताकि बाढ़ के दौरान पशुओं के सामने चारे की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ग्रामीणों से अपील किया कि, वे तेज बहाव वाले पानी के पास न जाएं और अपने बच्चों को भी पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से रोकें। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें