गाजीपुर। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद के परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं अन्य विद्यालयों में ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग’ (SHVR 2026-27) कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। इसके तहत विद्यालयों को निर्धारित आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कराने के साथ स्व-मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी करनी है। जनपद में कुल 5,362 विद्यालय लक्षित किए गए हैं। इसके सापेक्ष मे अब तक 1,563 विद्यालयों ने पंजीकरण करा लिया है, जबकि 3,799 विद्यालयों का पंजीकरण अभी शेष है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने शेष विद्यालयों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्रभारियों तथा प्रधानाध्यापकों/प्रभारी अध्यापकों को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों ने अभी तक SHVR कार्यक्रम में पंजीकरण नहीं कराया है, वे बिना विलंब निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण एवं स्व-मूल्यांकन फॉर्म की प्रक्रिया पूरी करें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग कार्यक्रम केवल रेटिंग प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विद्यालयों में स्वच्छता, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में स्वच्छता तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन स्तर से कार्यक्रम की नियमित समीक्षा की जा रही है। ऐसे में पंजीकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक शेष विद्यालयों का पंजीकरण और स्व-मूल्यांकन समय से पूरा कराते हुए जनपद में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने विद्यालयों से सामूहिक प्रयास के माध्यम से गाजीपुर को SHVR 2026-27 में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन दिलाने तथा विद्यालय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर


















