आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में किया जाएगा स्थानांतरित, बच्चों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक माहौल

0
7

गाजीपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग के बाद चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसरों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है। शासन की ओर से प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों के निकट स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालय परिसर में बेहतर शैक्षणिक, सुरक्षित एवं गतिविधि आधारित वातावरण उपलब्ध कराना है। साथ ही बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही औपचारिक शिक्षा के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। शासन के निर्देशों के अनुसार विद्यालय से 200 मीटर की परिधि में स्थित तथा गैर-विभागीय भवनों में संचालित चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में स्थानांतरित किया जाना है। इसके लिए विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं निर्धारित स्थान अथवा कक्षा-कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए विद्यालय परिसर में बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय तथा खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान जैसी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों के हित में किए जाने की व्यवस्था रहेगी। इस पहल से आंगनबाड़ी एवं विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ ही बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकेगा। खेल, गतिविधियों और अन्य शिक्षण माध्यमों के जरिए बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायता मिलेगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को चिन्हित केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्थानांतरण की प्रक्रिया को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आगे बढ़ाने को कहा गया है। शासन द्वारा इस कार्य को मिशन मोड में पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया है, ताकि चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को जल्द से जल्द विद्यालय परिसरों में संचालित कराकर 3 से 6 वर्ष के बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा एवं सुविधाओं का लाभ दिलाया जा सके।

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें