भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया

0
1

गाजीपुर। 15 अगस्त 1947 को मिली स्वतंत्रता से एक दिन पूर्व देश के विभाजन और उसके पश्चात उत्पन्न हुई भीषण त्रासदी, विस्थापन, पीड़ा और जनहानि की स्मृतियों को जीवंत रखने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नगर के राजेंद्र पार्क से जिला पंचायत सभागार तक मौन जुलूस निकाला गया तथा जिला पंचायत हाल में विचार गोष्ठी आयोजित कर विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजेंद्र पार्क से मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय तथा राज्यसभा सांसद डॉ.संगीता बलवंत के नेतृत्व में मौन जुलूस प्रारंभ हुआ। जुलूस पीरनगर, जिलाधिकारी आवास और कचहरी मार्ग से होते हुए जिला पंचायत हाल पहुंचा। जुलूस में शामिल कार्यकर्ता एवं नागरिक हाथों में विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उसके दुष्परिणामों से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मनीष कपूर ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी अकेली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसके संस्थापकों और विचारधारा से जुड़े नेताओं ने सदैव देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि, आज देशवासियों को विचार करना चाहिए कि ऐसा कौन-सा राजनीतिक दल है, जिसने देश की अखंडता बनाए रखने के लिए कोई व्यापक आंदोलन चलाया हो। उन्होंने विभाजन के समय अपने परिवार और समाज द्वारा झेली गई पीड़ा का संस्मरण सुनाते हुए उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि, मातृभूमि के साथ षड्यंत्र वर्ष 1947 में भी हुए थे और आज भी देश को कमजोर करने वाली शक्तियां सक्रिय हैं। इसलिए हमें इतिहास की विभीषिका को केवल स्मरण ही नहीं करना है, बल्कि उससे सीख लेते हुए सदैव सजग, सचेत और एकजुट रहना है। उन्होंने कहा कि, विभाजन की पीड़ा हमें यह संदेश देती है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। राज्यसभा सांसद डॉ.संगीता बलवंत ने कहा कि, 14 अगस्त 1947 भारतीय इतिहास का वह अध्याय है, जिसमें स्वतंत्रता की खुशी के साथ विभाजन का असहनीय दर्द भी जुड़ा हुआ है। लाखों लोगों ने अपना घर-बार, संपत्ति और जीवन की पूरी पूंजी छोड़कर विस्थापन का दंश झेला। असंख्य लोगों ने अपने प्राण गंवाए और अनेक परिवार अपनों से बिछड़ गए। उन्होंने कहा कि, सत्ता की लोलुपता और राजनीतिक स्वार्थ ने देश को विभाजन की त्रासदी की ओर धकेला। आज आवश्यकता है कि, हम उस इतिहास की समीक्षा करें और उससे सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अखंड भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि, लाखों देशवासियों के बलिदान और संघर्ष के बाद भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई, लेकिन विभाजन के कारण उस स्वतंत्रता की खुशी में भी एक गहरा दर्द समाहित रहा। उन्होंने कहा कि, लोग अपना घर, संपत्ति और वर्षों की मेहनत छोड़कर जान बचाने के लिए निकले, लेकिन हजारों लोग सुरक्षित अपने गंतव्य तक भी नहीं पहुंच सके। विभाजन की यह पीड़ा हमारी राष्ट्रीय स्मृति का हिस्सा है, और आने वाली पीढ़ियों को इसके बारे में बताना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति न हो। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, विभाजन के दौरान असंख्य निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और लाखों परिवारों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि, राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और सत्ता प्राप्ति की प्रतिस्पर्धा ने देश के विभाजन का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने विभाजन की त्रासदी में काल के गाल में समाए सभी लोगों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि, इतिहास की इस पीड़ा को विस्मृत नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर विभाजन की त्रासदी में हताहत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला पंचायत सभागार के गलियारे में विभाजन की विभीषिका से संबंधित चित्रों एवं घटनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और विभाजन के दौरान घटित घटनाओं की पीड़ा को महसूस किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारस नाथ राय, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेंद्र राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, डॉ. राजकुमार सिंह गौतम, बी.के. त्रिवेदी, रमेश सिंह, पप्पू, रामराज बनवासी, विनोद अग्रवाल, संकठा प्रसाद मिश्रा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, सुमित तिवारी, अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राजेश राजभर, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, गर्वजीत सिंह, राजन प्रजापति, सनी चौरसिया, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें