3 नवंबर को होगा 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपद स्तरीय कार्यक्रम

0
18

गाजीपुर। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद द्वारा संचालित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का 32वां जनपद स्तरीय कार्यक्रम आगामी 3 नवंबर 2026 को उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मनिहारी, शिक्षा क्षेत्र मनिहारी, जनपद गाजीपुर में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डॉ. सन्तोष कुशवाहा ने दी। इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनका वैज्ञानिक अध्ययन करेंगे तथा संभावित समाधान पर आधारित लघु शोध पत्र और परियोजनाएं तैयार कर प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में निर्धारित आयु वर्ग के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बाल वैज्ञानिक अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के निर्देशन में जल संरक्षण, ऊर्जा, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य, अपशिष्ट प्रबंधन तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण उपविषयों पर अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे।
विद्यालय स्तर पर तैयार परियोजनाओं के बाद निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार विद्यार्थियों को आगे की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डॉ. सन्तोष कुशवाहा ने जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, विज्ञान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने परिवेश की समस्याओं को समझने, वैज्ञानिक विधि से उनका अध्ययन करने तथा समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को मौलिक विचारों पर आधारित परियोजनाएं तैयार करने के लिए प्रेरित करें, ताकि बच्चे अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन कर सकें। विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से सतत विकास के लक्ष्य को साकार करने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें