गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में बीसी सखियों की समस्याओं के समाधान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीसी सखियों को अधिकृत पहचान पत्र उपलब्ध कराने, लंबित मानदेय का भुगतान, नए राष्ट्रीयकृत बैंकों को जोड़ने संबंधी शासनादेश के अनुपालन तथा मनरेगा मजदूरों के भुगतान की प्रक्रिया में बीसी सखियों की भागीदारी सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीसी सखियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीसी सखियों के पंचायत भवनों में बैठने की व्यवस्था दोबारा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, पहचान पत्र बनवाने के लिए आवश्यक फोटो एवं विवरण संबंधित ब्लॉक पर जमा कराने को कहा। नए बैंकों से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) को नए राष्ट्रीयकृत बैंकों को जोड़ने से संबंधित शासनादेश का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य बीसी सखियों को संबंधित बैंकों से जोड़कर उनकी ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी कराना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
104 बीसी सखियों का छह माह का मानदेय लंबित
बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, जनपद में कुल 1,017 सक्रिय बीसी सखियां कार्यरत हैं। इनमें से 705 बीसी सखियों को पूरे छह माह का मानदेय प्राप्त हो चुका है, जबकि अन्य बीसी सखियों का कुछ महीनों का मानदेय अभी अप्राप्त है। वहीं, 104 बीसी सखियों का छह माह का मानदेय अभी लंबित है।
शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, मानदेय की सुविधा प्राप्त करने के लिए बीसी सखियों को प्रतिमाह न्यूनतम 15 ट्रांजेक्शन पूरे करना आवश्यक है। निर्धारित शर्त पूरी होने पर उन्हें मानदेय प्राप्त होने की व्यवस्था है।
मनरेगा मजदूरों के भुगतान में बीसी सखियों की भूमिका पर चर्चा
जिलाधिकारी ने मनरेगा मजदूरों के भुगतान का कार्य बीसी सखियों के माध्यम से कराए जाने के संबंध में डीसी एनआरएलएम को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि बीसी सखियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि उनके कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, डीसी एनआरएलएम वी.के. यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बीसी सखियां उपस्थित रहीं।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















