सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष की किशोरियों को लगेगा निःशुल्क टीका
सुलतानपुर
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जनपद में 3 से 17 सितंबर 2026 तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 10 लाख पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित कुमार घोष ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर में से एक है। एचपीवी टीकाकरण के जरिए इससे बचाव संभव है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने बताया कि सुलतानपुर में अब तक 24,844 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। अभियान के तहत शेष 8,987 पात्र बालिकाओं को 17 सितंबर तक शत-प्रतिशत टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने अभिभावकों से पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों तथा बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले शहरी एवं ग्रामीण टीकाकरण स्थलों पर एचपीवी का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।
टीकाकरण से पहले अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचपीवी टीकाकरण स्वैच्छिक रहेगा।





















