Sep 23, 2026
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंजानशहीद मार्केट में स्थित एक क्लीनिक में तमंचा लगाकर लूट का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 8:50 बजे चिकित्सक सूर्यभान मौर्य अपने क्लीनिक पर मौजूद थे। इसी दौरान दो व्यक्ति अर्टिगा वाहन से बुर्का पहनकर क्लीनिक में पहुंचे और तमंचा दिखाकर चिकित्सक को जान से मारने की धमकी देते हुए उनका मोबाइल छीन लिया। लूट का प्रयास किए जाने पर चिकित्सक ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित समीर शेख पुत्र मो. फैजान, निवासी नुरूद्दीनपुर, थाना जीयनपुर, उम्र करीब 21 वर्ष को बक्खोपुर से सगड़ी की ओर आने वाली नहर के पास से दोपहर करीब 1:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर जीयनपुर थाने में धारा अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेजा गया
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, कांस्टेबल अनिरुद्ध यादव, कांस्टेबल राजू यादव और कांस्टेबल अर्जुन प्रसाद शामिल रहे।
पत्रकार चंद्रशेखर यादव


















