पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना , स्कूल से छुट्टी के बाद लापता हुईं तीन बच्चियां वाराणसी में मिलीं
सुल्तानपुर
सुल्तानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र कादीपुर खुर्द काशियाहवा निषाद बस्ती की तीन बच्चियां मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय कादीपुर खुर्द में पढ़ने गई थीं। स्कूल से छुट्टी होने के बाद तीनों बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों में हड़कंप मच गया। माता-पिता के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया और परिवार के लोग बच्चियों की तलाश में जुट गए।
लापता बच्चियों में राकेश निषाद की बेटी किरण, अमरनाथ निषाद की बेटी नेहा और विजय निषाद की बेटी खुशी शामिल हैं। परिजनों के अनुसार स्कूल से छुट्टी के बाद किसी अनजान व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल से बच्चियों को अपने साथ ले जाने की आशंका जताई गई।स्कूल पहुंचकर थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी ने ली पूरी जानकारी घटना की सूचना मिलते ही कादीपुर थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम तत्काल कंपोजिट विद्यालय कादीपुर खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने स्कूल में शिक्षकों एवं परिजनों से बच्चियों के संबंध में पूरी जानकारी ली। बच्चियां स्कूल से किस समय निकलीं और स्कूल से निकलने के बाद किस दिशा में गईं, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस ने स्कूल और आसपास के मार्गों पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों की निगरानी शुरू कर फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस टीम ने संभावित रास्तों और अन्य सुरागों के आधार पर बच्चियों की तलाश तेज कर दी।
एसपी विनीत जायसवाल ने लिया तत्काल संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर विनीत जायसवाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बच्चियों की सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम और थाना प्रभारी लगातार मामले की निगरानी करते रहे। सीसीटीवी फुटेज, फोन से मिलने वाली जानकारी और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर पुलिस ने तलाश तेज कर दी।
फोन से मिली अहम जानकारी, वाराणसी में मिलीं बच्चियां
लगातार प्रयासों के दौरान फोन के माध्यम से पुलिस को अहम जानकारी मिली, जिससे बच्चियों के वाराणसी में होने का पता चला। वाराणसी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को सुरक्षित अपनी हिरासत में लिया।
इसके बाद वाराणसी पुलिस की ओर से बच्चियों के पिता राकेश निषाद से फोन पर बात कराई गई। पिता ने अपनी बेटियों से बात की। बेटियों से बात होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी मिलते ही कादीपुर से पुलिस टीम तत्काल वाराणसी के लिए रवाना हुई, ताकि बच्चियों को सकुशल वापस लाकर उनके परिजनों को सौंपा जा सके।
पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना
इस पूरे मामले में सुल्तानपुर पुलिस की तत्परता और वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय निगरानी देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी का तत्काल स्कूल पहुंचकर जानकारी लेना, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, फोन से मिली सूचना और सुल्तानपुर-वाराणसी पुलिस के बीच समन्वय से बच्चियों की तलाश में सफलता मिली।
तीनों बच्चियों के सकुशल मिलने की खबर से माता-पिता और परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। समय रहते पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना होते-होते टल गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि तीनों बच्चियां वाराणसी तक कैसे पहुंचीं और उन्हें वहां कौन लेकर गया । आखिरकार पुलिस की तत्परता रंग लाई, क्या पुलिस बच्चियों को ले कर जाने वाले की तलाश कर पाएगी कि नही यह एक अनसुलझा सवाल है? क्या पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज पाएगी कि नही ?



















