सुलतानपुर
खेतों में फसलों की सुरक्षा के नाम पर लगाए जा रहे अवैध झटका मशीनों से होने वाली संभावित जनहानि को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। *जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह* *एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम* के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर खेतों एवं अन्य स्थानों पर लगी अवैध झटका मशीनों को हटवा रही हैं।
अभियान के दौरान किसानों और ग्रामीणों को विद्युत करंट से होने वाले गंभीर हादसों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि फसलों की सुरक्षा के लिए ऐसी जानलेवा व्यवस्था का इस्तेमाल न करें।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों ने थाना धम्मौर, लम्भुआ, जयसिंहपुर, बल्दीराय, मोतिगरपुर, गोसाईगंज एवं कादीपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 64 अवैध झटका मशीनें हटवाई जा चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार धम्मौर क्षेत्र के शाहपुर शरकण्डे डीह से 3, लम्भुआ के रामपुर कुर्मियान से 2, जयसिंहपुर क्षेत्र से 20, बल्दीराय के सिंहनी, बरासीन आदि गांवों से 15, मोतिगरपुर क्षेत्र के पहाड़पुर, बेलहरी, डडवा कला एवं पटखौली से 12 तथा गोसाईगंज क्षेत्र के बिठ्ठलपुर आदि गांवों से 12 झटका मशीनें हटवाई गई हैं।
वहीं, झटका मशीनों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को भी चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा ऐसे दुकानदारों के यहां छापेमारी कर मशीनों की तलाश की जा रही है। बरामद मशीनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहानि की आशंका को देखते हुए अवैध झटका मशीन लगाने अथवा उनकी अवैध बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।














