डीएम ने नवोदय विद्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, छात्रावास से भोजनालय तक लिया जायजा

0
5

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जवाहर नवोदय विद्यालय, गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, प्रयोगशालाओं एवं भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सहजता से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षा 12 में पहुंचे, जहां अध्यापक द्वारा गणित पढ़ाया जा रहा था। उन्होंने विद्यार्थियों की विषय पर पकड़ और समझ को परखने के लिए अध्यापक द्वारा दिए गए गणित के प्रश्न को विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर हल कराया। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्न हल किए जाने पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे उनके परिवार के साथ-साथ देश और जनपद का नाम भी गौरवान्वित हो। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को विद्यालय प्रशासन तक आसानी से पहुंचाने के लिए शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी बात रखने के लिए सहज माध्यम उपलब्ध होना चाहिए, जिससे उनकी समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संत रविदास के जीवन एवं उनके विचारों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी तथा उन्हें संत रविदास के जीवन और कृतित्व का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्थापित एटीएल प्रयोगशाला का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं। जिलाधिकारी ने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या होने के संबंध में भी जानकारी ली।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने बालिका भोजनालय का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजनालय में एसी लगाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी विद्यार्थियों के साथ लाइन में लगे और स्वयं भोजन लेकर छात्राओं के साथ भोजन किया।
विद्यार्थियों के साथ भोजन करते हुए जिलाधिकारी ने उनसे सहजता से बातचीत की तथा उनकी पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए यदि किसी अन्य सामग्री अथवा सुविधा की आवश्यकता हो तो विद्यार्थी विद्यालय प्रशासन के माध्यम से अपनी आवश्यकता से अवगत कराएं।
जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन की गुणवत्ता को भी परखा और विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, समस्त अध्यापक, विद्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें