बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती धूमधाम एवं हर्षाेल्लास से मनाई गई

0
62

गाजीपुर/जनपद में भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती धूमधाम एवं हर्षाेल्लास से मनाई गई। आपको बताते चलें कि, रायफल क्लब सभागार गाजीपुर में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। और बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव महू में हुआ था। उनके पिता का नाम रामजी मालोजी सकपाल और माता भीमाबाई थीं। बाबा साहब के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर लोगों को चलना चाहिए। उनके विचारों पर चलने से देश आगे बढ़ेगा। उनका विचार था कि, सभी को समान अधिकार मिले और सभी लोग शिक्षित बनें। उन्होंने ने कहा कि, बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके बताए गए विचारों पर चलें। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज को एक समान एवं जोड़ने का कार्य किया है। भारतीय संविधान बनाने में बाबा साहब का बहुत बड़ा योगदान रहा है। डॉ. आंबेडकर जी का पूरा जीवन संघर्ष, सत्यनिष्ठा, लगन व वंचित वर्ग के प्रति करुणा का प्रतीक है। उन्होंने व्यक्तिगत जीवन मे अनेक बाधाओं व कष्टों को सहा किंतु कभी भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए।सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अश्पृश्यता व भेदभाव का कड़ा विरोध किया। जिलाधिकारी ने बाबा साहब के जन्म दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि, बाबा साहब के बताए गए रास्तों पर चल कर देश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जो अपने सुखसाधनों को छोड़कर देश का हित करें, ऐसे महान व्यक्तियों को नमन करते हैं। देश बदलना है, तो शिक्षित होना बहुत जरूरी है। बाबा साहब ने समाज में परिवर्तन लाने के लिए अनोखा कार्य किया है। समाज के सभी वर्ग एक ही पंक्ति में खड़े हो सकें, ऐसे उनके विचार थे। संविधान निर्माण में उन्होंने सभी धर्म, वर्ग, जाति को एक समान करने का विशेष ध्यान रखा।

अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बाबा साहब के जन्म दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि, संविधान में समाज के हर वर्ग, जाति को बराबर का दर्जा दिया गया है। जिस व्यक्ति को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे समय से निभाए। बाबा साहब चाहते थे कि, गरीब व्यक्तियों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। डॉ0 भीमराव अंबेडकर साहब की इच्छा थी कि संविधान को मजबूत बनाना हैं। प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर समाज के लिए योगदान करते रहें। उन्होंने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। आज हम एक सफल लोकतंत्र के रूप में दुनिया भर में सम्मान की दृष्टि से देखे जाते हैं, तो इसके पीछे उस संविधान की सबसे बड़ी भूमिका है, जिसके शिल्पकार डॉ. अम्बेडकर हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक अच्छा लोकसेवक और एक अच्छा नागरिक बनने के लिए हमे डॉ भीमराव आंबेडकर की जीवनी व उनकी लिखी किताबों को पढ़ना चाहिए।

अपर जिलाधिकारी भू- राजस्व ने कहा कि, बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर का देश के लिए बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि, नारी शक्ति, शिक्षा, मताधिकार आदि अधिकार दिलाने के साथ ही साथ भारत एक विविधता भरा देश है। आजादी के समय में यह अनेक विषमताओं से जूझ रहा था। ऐसी परिस्थिति में इन विविधताओं को स्वीकारते हुए अखंड राष्ट्र का निर्माण बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने न सिर्फ इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया बल्कि एक ऐसे संविधान का निर्माण किया जो “विविधता में एकता“ जैसे भारतीय मूल्य का साकार रूप है। भारत को एक राष्ट्र के रूप में खड़ा करने में संविधान की अतुलनीय भूमिका है। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी, एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

जय प्रकाश चंद्रा
ब्यूरो चीफ, के मास न्यूज, गाजीपुर

In