गाजीपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के अनुमोदन से भाजपा सोशल मीडिया संयोजक गर्वजीत सिंह ने जिला, विधानसभा एवं मंडल स्तर पर सोशल मीडिया संगठन का विस्तार करते हुए नई टीम की घोषणा की। इसके तहत जिला पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति, विधानसभा पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति तथा मंडल संयोजक एवं सह-संयोजकों का चयन कर सूची जारी की गई। नई टीम के गठन पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया संगठन की गतिविधियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन के कार्यक्रमों एवं अभियानों के साथ-साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। जिलाध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन को सोशल मीडिया के क्षेत्र में और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का कार्य करेगी।
भाजपा सोशल मीडिया संयोजक गर्वजीत सिंह ने कहा कि, पार्टी के निर्देशानुसार सोशल मीडिया टीम को और अधिक सक्रिय, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों, अभियानों तथा जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर














