पुरानी जमीन की रंजिश में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, छह लोग घायल ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हुई मारपीट
दोस्तपुर/सुल्तानपुर
स्थानीय थाना अखण्डनगर क्षेत्र के नरवारी गांव में सोमवार, 2 नवंबर की रात करीब नौ बजे पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से ईंट-पत्थर चले और लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार पुत्र कर्मराज, उनके चचेरे भाई बलराम और दूसरे पक्ष के शारदा प्रसाद पुत्र रामसमुझ निवासी नरवारी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि सोमवार रात एक पक्ष के कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट में शारदा प्रसाद, उनकी पुत्री करिश्मा, पुत्र अतुल कुमार और बहू रेखा देवी घायल हो गए। वहीं, बलराम पक्ष के भी दो लोगों को चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. विवेक वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद करिश्मा और रेखा देवी की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया।बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा और मारपीट हो चुकी है। पुलिस दोनों पक्षों को पूर्व में पाबंद भी कर चुकी है।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
के मास न्यूज संवाददाता दोस्त पुर
















