मुडिला/कादीपुर थाना अंतर्गत मुडिला पुलिस चौकी से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर सूरापुर रोड मझगवां में पेट्रोल पंप से पहले सोमवार शाम को दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करौंदी कला थाना क्षेत्र के ताहिरपुर निवासी जंग बहादुर यादव पुत्र नान्हू यादव बाइक ठीक करवाने मुड़िला बाजार आए थे और काम होने के बाद घर लौट रहे थे। वहीं करौंदी कला क्षेत्र के ही गौराटिकरी निवासी अर्जुन पुत्र साधू लाल बाइक से अपनी ससुराल अलीपुर जा रहे थे।
मझगवां में दोनों बाइकें एक-दूसरे को क्रॉस कर रही थीं, तभी एक बाइक दूसरे वाहन में लगी डिग्गी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सवार नियंत्रण खोकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के समय वहां से गुजर रही डायल 112 की पीआरवी संख्या 9391 स्कॉर्पियो में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन रोका और दोनों घायलों को सीएचसी कादीपुर पहुंचाया।
अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। जंग बहादुर यादव को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अर्जुन को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
*के मास न्यूज़ के लिए विवेक कुमार की रिपोर्ट।





















