
सांकेतिक फोटो
जौनपुर – सावन के पावन अवसर पर बदलापुर क्षेत्र की दो दिवसीय कांवड़ यात्रा इस बार भव्य रूप लेने जा रही है। यात्रा में शामिल शिवभक्तों के स्वागत के लिए यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा किए जाने को मुख्यमंत्री की सहमति मिल गई है। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।कांवड़ यात्रा गोमती नदी के तट पर स्थित चौरेश्वर नाथ महादेव मंदिर, छंगापुर से प्रारंभ होकर सई नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध करशूल नाथ धाम, कंधीकला तक जाएगी। दो दिवसीय इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने मुख्यमंत्री की सहमति का स्वागत करते हुए इसे शिवभक्तों के सम्मान और सनातन परंपरा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बताया है।
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां शुरू होने की संभावना है। कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा यात्रा मार्ग पर अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
क्षेत्र में यात्रा को लेकर अभी से उत्साह का माहौल है। कांवड़ियों के जयकारों और ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के बीच इस बार बदलापुर की कांवड़ यात्रा का नजारा और भी भव्य दिखाई देने की उम्मीद है।












