गाजीपुर। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर क्षेत्र के दीनापुर बाढ़ शरणालय में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम महबलपुर एवं मकसूदनपाह के बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल 356 बाढ़ राहत किट वितरित की गईं।
राहत किट का वितरण भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय द्वारा किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर विनोद जोशी एवं तहसीलदार सदर राजीव यादव सहित संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा शरणालय में उपलब्ध राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं अन्य जरूरी सहायता लगातार पहुंचाई जाए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री, आवश्यक सुविधाएं एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित परिवारों की जरूरतों का प्राथमिकता के आधार पर ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर













