शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को बड़ी सौगात, 400 को मिला चयन वेतनमान का लाभ

0
25

गाजीपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद में शिक्षकों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए विकास भवन सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षकों के लंबित सेवा संबंधी मामलों का निस्तारण करते हुए करीब 400 शिक्षकों के चयन वेतनमान संबंधी आदेश जारी किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष  सरिता अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जनपद गोरखपुर में आयोजित राज्य पुरस्कार हेतु चयनित शिक्षकों के सम्मान समारोह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अधिकारियों एवं शिक्षकों ने देखा।
मुख्य अतिथि सरिता अग्रवाल ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभाग द्वारा शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि चयन वेतनमान के लंबित आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर लगभग 400 शिक्षकों के चयन वेतनमान संबंधी आदेश निर्गत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के हित में यह महत्वपूर्ण कार्य करते हुए उन्हें विशेष प्रसन्नता एवं संतोष की अनुभूति हो रही है। विभाग शिक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम, रीजनल मैनेजर, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी सदर, जिला समन्वयक अनुपम गुप्ता, सर्वजीत यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें