प्रशासनिक रोक से सूना रहा गाजी मियां का पारंपरिक मेला, श्रद्धालु मायूस

0
3

 स्ट्रिंगर रिपोर्ट – हीरा मणि गौतम 

जौनपुर – 

खेतासराय क्षेत्र में हर वर्ष लगने वाला प्रसिद्ध गाजी मियां का पारंपरिक मेला इस बार प्रशासनिक रोक के चलते पूरी तरह नहीं लग सका। खेतासराय से गोरारी तक लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। जहां हर साल मेले की रौनक, दुकानों की चहल-पहल और झूलों की आवाजें सुनाई देती थीं, वहां इस बार पुलिस की कड़ी निगरानी देखने को मिली।
प्रशासन द्वारा बिना अनुमति किसी भी प्रकार के आयोजन पर सख्त रोक लगाए जाने के बाद मजार की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को रास्ते में ही रोक दिया गया। कई श्रद्धालु अलग-अलग रास्तों से मजार तक पहुंचने का प्रयास करते रहे, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया। कुछ स्थानों पर लोगों को हटाने की कार्रवाई भी की गई।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रही। प्रशासन की सतर्कता के चलते कहीं भी भीड़ एकत्र नहीं हो सकी। मेले में लगने वाली दुकानें, खानपान के स्टॉल और बच्चों के झूले पूरी तरह गायब रहे, जिससे छोटे कारोबारियों और दुकानदारों में मायूसी देखने को मिली।
हालांकि परंपरा निभाने के लिए कई श्रद्धालुओं ने खेतों में ही ‘कनूरी’ रस्म अदा की और अपनी आस्था प्रकट की। मेले पर लगी रोक को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें