आजाद समाज पार्टी ने विधान सभा 188 पर अनीश अहमद खान को प्रभारी प्रत्याशी किया घोषित
सुल्तानपुर : विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सुल्तानपुर की 188 विधानसभा सीट पर सियासी हलचल अचानक तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक बड़ा सियासी दांव चलते हुए अनीश अहमद खान को पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस घोषणा के बाद से ही सुल्तानपुर में पार्टी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं में जश्न और भारी खुशी की लहर दौड़ गई है।
विकास और जनहित होगी प्राथमिकता – अनीश अहमद खान
प्रत्याशी घोषित होने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए अनीश अहमद खान ने कहा कि, “मुझ पर यह ऐतिहासिक भरोसा जताने के लिए मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद जी का हृदय से आभारी हूँ। सुल्तानपुर की जनता अब पुराने चेहरों से ऊब चुकी है और एक सकारात्मक बदलाव चाहती है। हम शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और युवाओं के रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। सुल्तानपुर 188 विधानसभा क्षेत्र का विकास पिछले कई वर्षों से पूरी तरह से ठप पड़ा है, जिसे नई गति देना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मैं समाज के हर दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्ग की मजबूत आवाज़ बनकर उनके हक़ की लड़ाई लड़ूंगा। यह चुनाव सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि सुल्तानपुर के हर आम नागरिक के स्वाभिमान का चुनाव है और हम इसमें भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे।”
विधानसभा क्षेत्र में 3.75 लाख से अधिक पंजीकृत है मतदाता
चुनाव आयोग के आंकड़ों और पिछले चुनावों के मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो 188 सुल्तानपुर विधानसभा में लगभग 3.75 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। इस क्षेत्र में दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं की संख्या बेहद निर्णायक है। वर्तमान सियासी समीकरणों और सत्ता विरोधी लहर को देखते हुए यह मजबूत वोटबैंक सीधे तौर पर अनीश अहमद के पक्ष में लामबंद होता नजर आ रहा है, जो उनके लिए एक बड़ी राजनीतिक बढ़त है।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का दावा
चुनाव की जमीनी तैयारियों को लेकर पार्टी के भाईचारा मण्डल के संयोजक सरताज खान और जिलाध्यक्ष ( भाईचारा ) आदिल खान ने कहा कि “पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से ही हम शांत नहीं बैठे हैं, बल्कि अनीश खान के साथ मिलकर दिन-रात एक करके बूथ स्तर पर लगातार मजबूत तैयारी कर रहे हैं। हमने हर बूथ, हर गांव और मोहल्ले में जाकर जनता का दर्द समझा है और संगठन की जड़ों को सींचा है। हमारी कमेटियां पूरी तरह से सक्रिय हैं। अनीश भाई की साफ-सुथरी छवि, उनका कड़ा संघर्ष और व्यापक जनसंपर्क हमें इस बार निश्चित रूप से एकतरफा जीत दिलाएगा।”
प्रत्याशी को दी बधाई
वहीं इस अहम घोषणा के तुरंत बाद आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकुमार भीम ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) जनपद सुल्तानपुर 188 विधानसभा सुल्तानपुर का अनीस अहमद को प्रभारी प्रत्याशी बनाए जाने पर उन्हें बहुत-बहुत बधाई। कुल मिलाकर अनीश अहमद की मजबूत उम्मीदवारी ने सुल्तानपुर के चुनावी समीकरणों को पूरी तरह से रोचक बना दिया है, जिससे पार्टी की जीत की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
















