सुल्तानपुर:
सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर थाना क्षेत्र के नरवरी बाजार के पास हुए भीषण सड़क हादसे में माता-पिता और भाई को खोकर बेसहारा हुई चार बेटियों के दर्द को बांटने के लिए अपना दल (एस) युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह सोनू पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
श्रद्धांजलि और सांत्वना
सोमवार को अपने काफिले के साथ पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह सोनू ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले पिता, पुत्र और पत्नी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने चारों बेटियों को अपने पास बैठाकर उन्हें ढांढस बंधाया और हौसला रखते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
“दो बेटियों का पिता होने के नाते मैं उनका दर्द समझ सकता हूँ”
संवेदना प्रकट करते हुए संदीप सिंह सोनू ने कहा कि मेरे पास भी दो बेटियां हैं, और एक पिता होने के नाते मैं इस परिवार के दुःख और संकट की गहराई को भली-भांति समझ सकता हूँ। उन्होंने कहा कि इस विकट परिस्थिति से उबरने के लिए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि इस दुख की घड़ी में सभी को इस परिवार के साथ खड़े रहना चाहिए और हरसंभव सहयोग करना चाहिए।
25,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की
पीड़ित परिवार की सहायता के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने व्यक्तिगत रूप से 25,000 रुपये की सहायता राशि का चेक चारों बेटियों को सौंपा। परिवार के बीच लगभग आधे घंटे तक रहकर उन्होंने उनकी सुध ली और उन्हें आश्वस्त किया कि अपना दल परिवार हर कदम पर उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर अपना दल युवा मंच के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अविनाश देव, लवकुश गुप्ता, कादीपुर से अंकित सिंह, ताजुद्दीनपुर के भाजपा नेता चंदन सिंह सहित कई गणमान्य लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















