जौनपुर- आज दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में समूह सखियों ने जम कर नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं स्वयं सहायता समूहों को गांव-गांव गठित कराने तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली समूह सखियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी जौनपुर को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
समूह सखियों का कहना है कि वे गांव-गांव जाकर स्वयं सहायता समूहों का गठन कराने के साथ ही समूह से जुड़ी महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने का कार्य करती हैं। इसके एवज में वर्तमान में उन्हें महज 2000 रुपये मानदेय मिलता है। मोबाइल रिचार्ज और आने-जाने के खर्च के कारण यह राशि पर्याप्त नहीं है।
ज्ञापन में समूह सखियों ने 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, कार्य के लिए टैबलेट उपलब्ध कराने, टैबलेट का रिचार्ज कराने, आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता देने, समूह सखियों को स्थायी किए जाने, निःशुल्क इलाज एवं पांच लाख रुपये का बीमा कराने तथा प्रत्येक समूह सखी को एक ड्रेस और पहचान पत्र उपलब्ध कराने की मांग की है।
समूह सखियों ने प्रशासन से मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर निर्धारित समय में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।














