आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुद्धसेनपुर गांव में पत्नी को मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फांसी पर लटकाने के आरोप में पुलिस ने वांछित पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मोलनापुर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, बुद्धसेनपुर निवासी शशिकला पत्नी राकेश यादव ने 23 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि उसके पति राकेश यादव पुत्र मुन्ना उर्फ मुन्नीलाल यादव ने 9 सितंबर की रात करीब नौ बजे उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे फांसी पर लटका दिया। तहरीर के आधार पर निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 238/2026 के तहत धारा 85, 109(1) और 115(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसी मामले में 24 सितंबर को उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश यादव (33) को सुबह करीब 7:35 बजे मोलनापुर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में भी निजामाबाद थाने में मारपीट, बलवा, तोड़फोड़, गाली-गलौज और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, कांस्टेबल धर्मवीर प्रजापति और रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक पटेल शामिल रहे
पत्रकार चंद्रशेखर यादव

















