सरावां में राजन गौतम को मारी गई थी गोली,दो अन्य आरोपी चंदन राजभर, शुभम शुक्ला पर 25-25 हजार का इनाम
सुलतानपुर
अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में राजन गौतम को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी शिवम राजभर निवासी सरावां को गिरफ्तार कर लिया।उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि 23 सितंबर को सरावां में राजन गौतम को अवैध असलहे से गोली मारी गई थी।घायल को सीएचसी अखंडनगर के बाद जिला अस्पताल सुलतानपुर और फिर बेहतर उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर,लखनऊ रेफर किया गया था।थानाध्यक्ष के अनुसार उनकी हालत सामान्य है।परिजनों की तहरीर पर चंदन राजभर,शुभम शुक्ला उर्फ अनुराग शुक्ला और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए शिवम राजभर को ग्राम उमरी स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के पास से दबोच लिया।पुलिस के अनुसार पूछताछ में ग्राम प्रधानी के आगामी चुनाव को लेकर राजन गौतम और शुभम शुक्ला के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।बरामद असलहे के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।मामले में वांछित दो अन्य आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।













