गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश के क्रम में जनपद में चिन्हित जर्जर परिषदीय विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही तेजी से कराई जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि, जनपद में कुल 196 जर्जर विद्यालय भवन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 30 अगस्त 2026 तक 87 विद्यालय भवनों का ध्वस्तीकरण कार्य पूर्ण करा लिया गया है। शेष जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही भी युद्धस्तर पर जारी है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य की निरंतर निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि, ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने के साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि, ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों एवं अन्य लोगों की सुरक्षा प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि, जर्जर एवं असुरक्षित भवनों का ध्वस्तीकरण पूर्ण होने से विद्यालय परिसरों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा। इसके साथ ही विद्यालयों में कायाकल्प एवं अवस्थापना विकास से संबंधित कार्यों को भी गति मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा शेष भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर


















