चार माह से सड़क पर जमा गंदा पानी, संक्रमण का खतरा बढ़ा

0
2

स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी मुश्किलें, जलनिकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में आक्रोश

 जौनपुर। जिले के विकासखंड शाहगंज ( सोंधी ) के धौरइल गांव के उत्तर का पूरा में पिछले करीब चार माह से सड़क पर गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, उत्तर का पूरा में करीब 200 घरों की आबादी निवास करती है। इसी मार्ग से प्रतिदिन लगभग ढाई सौ छात्र-छात्राएं स्कूल जाने के लिए गुजरते हैं। सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से होकर बच्चों को मजबूरी में आवागमन करना पड़ रहा है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है। जूते-चप्पल पानी में फंसने के कारण कुछ छात्र स्कूल जाने के बजाय वापस घर लौटने को मजबूर हो जाते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जमा पानी के कारण कई लोगों को संक्रमण संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क को जलभराव से मुक्त कराने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें