गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर तहसील जमानियां क्षेत्र में प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी जमानियां निधि ने गुरुवार की शाम बाढ़ प्रभावित ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ग्राम सबलपुर पहुंचीं और बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पूर्व विधायक सुनीता सिंह के साथ प्रभावित परिवारों को राशन किट एवं पशुओं के लिए भूसा सहित अन्य राहत सामग्री वितरित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जमानियां क्षेत्र के बलुआ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता समय से पहुंचाने के साथ ही पशुओं के लिए चारा एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर














