बुद्ध वंदना और जय भीम के नारों से गूंजा विहार परिसर, ज्ञान के प्रकाश पर अंधकार की विजय का दिया संदेश
सुल्तानपुर
डॉ. बी आर अंबेडकर बुद्ध विहार बनगवांडीह में रविवार शाम को दीपदान उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विहार परिसर में *1100 दीपक* जलाकर तथागत गौतम बुद्ध और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम की शुरुआत शाम को बुद्ध विहार में सामूहिक बुद्ध वंदना, त्रिशरण और पंचशील पाठ से हुई। इसके बाद विहार समिति के पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने एक-एक कर 1100 मिट्टी के दीपक प्रज्वलित किया गया जैसे ही 1100 दीयों की लौ एक साथ जली, पूरा बुद्ध विहार परिसर स्वर्णिम रोशनी से जगमगा उठा। विहार की सीढ़ियों, प्रांगण, बुद्ध प्रतिमा और बाबा साहब की प्रतिमा के चारों ओर दीपों की कतारें ऐसी लग रही थीं मानो धरती पर तारों का मेला उतर आया हो।
क्या है दीपदान उत्सव का महत्व –
आयोजकों ने बताया कि दीपदान उत्सव सिर्फ दीपक जलाने का त्योहार नहीं है। यह उस ऐतिहासिक दिन की याद है जब भगवान बुद्ध ने ज्ञान का प्रकाश फैलाया और बाबा साहब ने शिक्षा के माध्यम से समाज के वंचितों को अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले जाने का काम किया।
वक्ताओं ने कहा – “एक दीपक अंधेरे को मिटा सकता है, उसी तरह शिक्षा और धम्म का एक विचार पूरे समाज का अंधकार मिटा सकता है। आज हमने 1100 दीपक जलाकर संकल्प लिया है कि हम अपने घर-घर में शिक्षा, समता, न्याय और बंधुत्व की ज्योति जलाएंगे।”
गूंजे जयकारे –
पूरे कार्यक्रम के दौरान विहार परिसर *”नमो बुद्धाय, जय भीम”* और *”बुद्धं शरणं गच्छामि”* के नारों से गूंजता रहा। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए और युवाओं ने विहार की सजावट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सजावट और व्यवस्था –
पूरे बुद्ध विहार को फूल-मालाओं, पंचशील ध्वजों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए बैठने और प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों का संदेश –
विहार समिति ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी हर साल इसी तरह भव्य रूप से दीपदान उत्सव मनाया जाएगा और युवाओं को बौद्ध धम्म और बाबा साहब के विचारों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया




















