सुल्तानपुर
सुलतानपुर जिले के थाना अखंडनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोकशी के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 18/19 मई की रात लगभग 1:15 बजे थाना अखंडनगर पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के मामलों में वांछित एक अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद मुजफ्फर निवासी घोषपुर थाना शाहगंज जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बलेनो कार बरामद की है, जिसका इस्तेमाल कथित रूप से गोकशी की घटनाओं में किया जाता था। इसके अलावा एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व से गोकशी के छह मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व हुई गोकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि अभियुक्त को इलाज के लिए सीएचसी अखंडनगर भेजा गया है।


















