पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, खेत में 50 मीटर दूर मिले शव

0
4

 

अम्बेडकरनगर

अंबेडकर नगर जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में सोमवार सुबह पति-पत्नी के शव खेत के पास अलग-अलग स्थानों पर मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों रविवार रात घर से करीब 500 मीटर दूर खेत की सिंचाई करने गए थे। सुबह ग्रामीणों ने शव देखे तो गांव में हड़कंप मच गया। महिला का शव चकरोड पर पड़ा था, जबकि पति का शव करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत के पास मिला।

पुलिस ने शुरुआती जांच में जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि पति के शरीर पर बाहर से कोई स्पष्ट चोट नहीं दिखाई दी। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की, जिसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

रात में खेत की सिंचाई करने निकले थे दंपती

जानकारी के मुताबिक, आजनपारा गांव निवासी बिशुनलाल (40) किसान थे। वह अपनी पत्नी द्रोपदी (38) और चार बच्चों के साथ रहते थे। उनके बड़े बेटे सनी (23) मुंबई में नौकरी करते हैं, जबकि अन्य तीन बच्चे आकांक्षा (17), साहिल (14) और दीक्षा (12) पढ़ाई करते हैं।

बिशुनलाल ने अपने करीब 15 बिस्वा खेत में धान की फसल बो रखी थी। परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे वह पत्नी द्रोपदी के साथ खेत की सिंचाई करने निकले थे। सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में दोनों के शव पड़े देखे। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी।

महिला के सिर के पीछे चोट, पैर पर मिले निशान

सूचना पर जलालपुर सर्किल के सीओ अनूप कुमार सिंह समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान महिला के सिर के पिछले हिस्से में चोट और बाएं पैर पर किसी जानवर के काटने जैसे निशान पाए गए। वहीं, बिशुनलाल के शरीर पर बाहर से कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली।

दोनों शवों के बीच करीब 50 मीटर की दूरी होने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दंपती की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। बच्चों और रिश्तेदारों ने घटना पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। परिजनों ने पुलिस से सभी पहलुओं की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

सीओ बोले- सभी पहलुओं पर हो रही जांच

सीओ अनूप कुमार सिंह के मुताबिक, प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका दिखाई दे रही है। हालांकि, पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।

फिलहाल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें