सड़क पर उतरीं एनसीसी कैडेट्स, महिला पुलिस के साथ संभाली यातायात की कमान

0
2

 

जमालपुर चौराहा, मालीपुर तिराहा और कोतवाली के सामने किया ट्रैफिक संचालन, राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

जलालपुर/अम्बेडकर नगर

कस्बा जलालपुर स्थित श्री मुलायम सिंह यादव महिला पीजी कॉलेज जलालपुर की एनसीसी कैडेट्स मंगलवार को अनुशासन, जिम्मेदारी और जन सेवा का संदेश लेकर नगर की सड़कों पर उतरीं। कोतवाली जलालपुर की महिला पुलिस कर्मियों के साथ कदमताल करते हुए कैडेट्स ने नगर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर यातायात संचालन की कमान संभाली। वर्दी में मुस्तैद कैडेट्स को ट्रैफिक नियंत्रित करते देख लोगों का ध्यान उनकी ओर गया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में पुलिस का सहयोग किया।

एनसीसी कैडेट्स ने नगर के जमालपुर चौराहा, मालीपुर तिराहा और कोतवाली के सामने जैसे व्यस्ततम स्थानों पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। सड़क पर बढ़ते वाहनों के बीच कैडेट्स ने यातायात संचालन की बारीकियों को समझा और पुलिस कर्मियों के मार्गदर्शन में अपनी जिम्मेदारी निभाई। कोतवाली जलालपुर की महिला उपनिरीक्षक समेत अन्य महिला पुलिस कर्मियों ने कैडेट्स को यातायात नियंत्रण के तरीके बताए और पूरे अभियान के दौरान उनका सहयोग किया।इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को किताबी शिक्षा से आगे बढ़कर सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और सार्वजनिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर मिला। यातायात संचालन के दौरान उन्होंने अनुशासन, सतर्कता, टीमवर्क और नागरिक कर्तव्यों का व्यावहारिक अनुभव हासिल किया। सड़क पर पुलिस के साथ काम करने से कैडेट्स को यह समझने का मौका मिला कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

अभियान ने छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया। एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को जागरूक नागरिक बनाना और जरूरत के समय समाज की सेवा के लिए तैयार करना भी है। जलालपुर की सड़कों पर कैडेट्स की यह पहल इसी भावना को प्रदर्शित करती नजर आई।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें