माहुल(आजमगढ़)। माहुल नगर क्षेत्र में इण्टर कॉलेज से महज 200 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानो को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इसे लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि शिक्षा के मन्दिर के इतने करीब शराब की दुकान होना छात्रों के भविष्य और सामाजिक माहौल दोनों पर नकारात्मक असर डाल सकता है। जबकि शासनादेश का खुला उलंघन हो रहा है ।
नगर पंचायत अध्यक्ष लियाकत अली पहले भी एसडीएम से नगर के आबादी वाले क्षेत्र में शराब की दुकान को हटवाने की मांग कर चुके हैं। यहां के अहरौला रोड पर स्थित देशी शराब की दुकान से 50 मीटर पर महिला महाविद्यालय और 100 मीटर की दूरी पर इण्टर कालेज है। यही हाल अंग्रेजी शराब और बियर की कंपोजिट दुकान है इसे भी विभाग द्वारा बाजार के मध्य और बुढ़नपुर औड़िहार स्टेट हाइवे पर खोला गया है। इन दुकानों पर आए दिन शराब के नशे में धुत होकर लोग उत्पात मचाते है जिससे आसपास के परिवार से लेकर छात्र छात्राएं सब परेशान है। कंपोजिट अंग्रेजी और बियर की दुकान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे प्रशासनिक नियमों और नैतिकता के खिलाफ बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे राजस्व और सुविधा से जोड़कर देख रहे हैं।
राजनाथ पाण्डेय, चंद्रशेखर, राजू गनेश, फारूक, अविनाश पाण्डेय, मनीष, शौकत, शाहिद आदि नागरिकों का कहना है कि स्कूल-कॉलेज के आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं का रोजाना इसी रास्ते से आना-जाना होता है, ऐसे में शराब की दुकान से गलत संदेश जा सकता है। वहीं युवाओं पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस मुद्दे को लेकर नगर वासियों में आक्रोश व्याप्त है । लोगों ने मांग की है कि शासनादेश के अनुसार शराब की दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि शैक्षणिक वातावरण प्रभावित न हो। आबकारी निरीक्षक फूलपुर सन्दीप कुमार त्रिपाठी का कहना है कि दुकान शासनादेश के अनुसार सही स्थानों पर है। अगर कोई शिकायत आती है तो जांचकर कार्यवाही की जाएगी।
अहरौला से संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू की रिपोर्ट


















