गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नन्दगंज पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान अवैध अंग्रेजी शराब के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चारपहिया कार समेत करीब 48 लीटर अवैध शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम पिपरही तिराहे के पास संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन से दो पेटी किंगफिशर बीयर, दो पेटी ह्विस्की अंग्रेजी शराब तथा नौ बोतल रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 24 लीटर किंगफिशर बीयर, 17.28 लीटर ह्विस्की अंग्रेजी शराब और 6.75 लीटर रॉयल स्टैग शामिल है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त MP13CC2952 नंबर की चारपहिया कार को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से संतोष कुमार यादव (25), अखिलेश कुमार साहनी (33), दानिश अली (21) और रोशन राय उर्फ गोलू (27) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दो बिहार के तथा दो नन्दगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर नन्दगंज थाने में मु0अ0सं0 316/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर















