थाना कस्टडी में युवती की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

0
0

बिग ब्रेकिंग न्यूज
आजमगढ़
जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवती की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी राजमन की पुत्री नैना (उपनाम) १८ वर्ष किसी विवाद के बाद घर से लापता हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि युवती के मिलने के बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई थी और आश्वासन दिया था कि सुबह उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
परिजनों का कहना है कि आज सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने सूचना दी कि युवती की थाने में ही मौत हो गई है। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन थाने पहुंचे, जहां शव उन्हें सौंप दिया गया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उनका यह भी कहना है कि अंतिम संस्कार के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वे पहले मामले की निष्पक्ष जांच और मौत के वास्तविक कारण का खुलासा चाहते हैं।
घटना को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक युवती की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी तथा अंतिम संस्कार भी नहीं हुआ था।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें