दो पहिया वाहन ने मारी टक्कर 6 वर्षीय मासूम की हुई दर्दनाक मौत, हादसे के बाद चालक फरार
अखण्डनगर, सुल्तानपुर
अखण्डनगर–दोस्तपुर मार्ग पर प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में सोमवार रात करीब सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम की जान चली गई। दुर्गापूजा के अवसर पर स्थापित पंडाल के पास प्रसाद ग्रहण करने के लिए खड़े बच्चे को अज्ञात बुलेट सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक वाहन समेत दोस्तपुर की तरफ फरार हो गया।मृतक की पहचान सूर्यांश (6) पुत्र राजकुमार निवासी भरथुआ, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि उसका परिवार प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में किराये का कमरा लेकर रहता है। परिवार के मुखिया राजकुमार ठेला लगाकर मजदूरी करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं।हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ शशांक शुक्ला ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में भी शोक का माहौल रहा।सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ सीएससी अखण्डनगर पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस फरार बुलेट सवार का पता लगाने में जुटी है।
नरेश कुमार पत्रकार अखंडनगर




















