आलापुर/अम्बेडकरनगर
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना आलापुर पुलिस ने अवैध असलहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं क्षेत्राधिकारी आलापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक आलापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम नसीरपुर के पास घेराबंदी कर अश्वनी उर्फ सत्यम गौड़ (22) पुत्र राधेश्याम गौड़ तथा इन्द्रेश यादव (23) पुत्र हरिश्चन्द्र यादव, दोनों निवासी ग्राम सेहरामऊ, थाना आलापुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (315 बोर) तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस मामले में थाना आलापुर पर मु0अ0सं0 150/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राऊतपारा मोड़ के पास से दीपक यादव पुत्र बाबूराम यादव निवासी ग्राम जल्लापुर, थाना आलापुर को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना आलापुर पर मु0अ0सं0 151/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
राम शकल की रिपोर्ट




















