बहू-बेटी सुरक्षा अभियान’ के तहत हंसवर में महिलाओं को किया गया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

0
2

 

हंसवर/अम्बेडकरनगर

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘बहू-बेटी सुरक्षा अभियान’ के तहत रविवार को थाना हंसवर क्षेत्र के पंचायत भवन हंसवर एवं ग्राम वर्गीनिजामपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने भाग लेकर महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांस्टेबल शीतल गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक महिला और बेटी को अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी महिला या युवती के साथ उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा किसी प्रकार की अन्य समस्या होती है तो वह बिना किसी डर के 1090 महिला हेल्पलाइन सहित अन्य पुलिस हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। पुलिस हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करती है।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और कानून द्वारा दिए गए अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए तथा उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित महिलाओं ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिया।

इस अवसर पर महिला कांस्टेबल तृषा, सुमन श्रेया, अनु ठाकुर, कांस्टेबल कुलदीप चौधरी, शैलेश कुमार, राजा यादव, प्रधान प्रतिनिधि हिमांशु यादव, हंसवर प्रधान कन्हैया राम, उर्मिला देवी, कौशिल्या देवी, प्रियंका, फातमा, स्नेहा, प्रियांशी, संध्या, हसीना, निर्मला, सिकनी, विमला, तारा देवी, ममता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

 

राम शकल की रिपोर्ट

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें