आजमगढ़
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पुलिस परिवार के बच्चों सहित अन्य प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पूरे दिन भक्तिमय एवं सांस्कृतिक माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने कार्यक्रम में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित लोग भाव-विभोर हो उठे।रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती हुई। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ ही ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यहां पुलिसकर्मियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी व उनके परिवारजन उपस्थित रहेl संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू की रिपोर्ट



















