सुल्तानपुर
कहते हैं कि खाकी वर्दी के भीतर भी एक संवेदनशील और समाज को सही दिशा देने वाला दिल धड़कता है। इस बात को पूरी तरह सच साबित कर दिखाया है जनपद सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना में तैनात दीवान अभिषेक कुमार और कांस्टेबल अमित यादव ने। इन दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी व्यस्त और तनावभरी ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की एक ऐसी अनूठी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ जमकर सराहना हो रही है।
दीवान अभिषेक कुमार और कांस्टेबल अमित यादव रोजाना पुलिस की मुस्तैद नौकरी करने के बाद, अपने आराम के समय में से कुछ पल देश के भविष्य के लिए निकालते हैं।
ये दोनों जांबाज हर शनिवार की सुबह क्षेत्र के सरकारी विद्यालय पहुंच जाते हैं। वहां ये बच्चों को पीटी (Physical Training), योग और विभिन्न खेल-कूद की बारीकियां सिखाते हैं।
सुबह-सुबह जब अमूमन लोग आराम करना पसंद करते हैं, तब ये दोनों पुलिसकर्मी मैदान पर बच्चों को अनुशासन, फिटनेस और स्वस्थ जीवन जीने का पाठ पढ़ा रहे होते हैं। इनके इस नि:स्वार्थ प्रयास से न सिर्फ बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास हो रहा है, बल्कि सरकारी स्कूल के बच्चों में एक नया आत्मविश्वास भी देखने को मिल रहा है।
*गांव और क्षेत्र में हो रही जमकर सराहना*
इन दोनों पुलिसकर्मियों के इस सेवा भाव की जानकारी जब पूरे क्षेत्र में फैली, तो गांव और क्षेत्र के लोगों ने उनके इस जज्बे को सलाम किया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस का यह रूप बच्चों के मन से खाकी का डर दूर कर रहा है और उनमें सुरक्षा व अनुशासन की भावना भर रहा है। क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने कहा कि समाज को सुधारने के लिए ऐसे ही पुलिसकर्मियों की जरूरत है।
*बच्चों के चेहरे की मुस्कान ही हमारा सबसे बड़ा इनाम: पुलिसकर्मी*
जब इस संबंध में दीवान अभिषेक कुमार और कांस्टेबल अमित यादव से बात की गई, तो उन्होंने बेहद सादगी से कहा, “नौकरी तो हमारा कर्तव्य है ही, लेकिन देश के इन नौनिहालों को सही दिशा देना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। जब सुबह खेल-कूद और योग के बाद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और ऊर्जा दिखती है, तो हमारी रात भर की ड्यूटी की सारी थकान पल भर में दूर हो जाती है।”
अखंडनगर थाने के इन दोनों सजग प्रहरियों का यह कार्य आज पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बना हुआ है। यह साबित करता है कि अगर मन में कुछ अच्छा करने का जज्बा हो, तो समय की कमी कभी आड़े नहीं आती।
















