सुलतानपुर
लखनऊ-बलिया हाईवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर के पास रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा (21) पुत्र संतोष विश्वकर्मा और चंदौली जिले के मालापुर निवासी मुकेश (27) किसी जरूरी काम से पांडेबाबा जा रहे थे। दोनों पदारथपुर के खरगूपुर पुरवे से बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान सुलतानपुर से कादीपुर की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस का बयान
आज दिनांक 31 अक्टूबर को थाना कादीपुर जनपद सुल्तानपुर में ग्राम पदारथपुर के पास एक रोडवेज बस व मोटरसाइकिल सवारों की टक्कर हुई है। इसमें रोडवेज बस चालक ने तेजी व लापरवाही से बस चलाते हुए टक्कर मार दी है। जिसके फलस्वरूप दोनों लड़के दीपक और मुकेश की मौके पर मृत्यु हो गई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने हेतु भेजा गया है। विधिक कार्यवाही प्रचलित है !!


















