जलालपुर/अम्बेडकर नगर
शुक्रवार रात्रि को जलालपुर में रामलीला और धार्मिक आयोजनों का भव्य स्वरूप देखने को मिला। रामलीला समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी की अध्यक्षता में राम-सीता-लक्ष्मण की भव्य झांकी ने जलालपुर नगर का भ्रमण किया। झांकी के दौरान नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष आनंद मिश्र, मेला मंत्री बेचन पांडे, मंत्री सोनू गौड़, सदस्य विकाश निषाद, देवेश मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, गल्ला मंडी में श्री रामलीला सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष संदीप अग्रहरि के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजन के बाद कथा वाचन किया गया। कथा के दौरान विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सुना। कार्यक्रम की व्यवस्था में मानिकचंद सोनी, सोनू गुप्ता और विकाश निषाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इधर, श्री रामलीला सेवा समिति द्वारा आयोजित रामलीला में शुक्रवार रात्रि को कैकेयी कोपभवन, राम वन गमन और राम-केवट संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। कैकेयी कोपभवन का दृश्य काफी भावुक रहा। कैकेयी ने दो वरदान मांगे—राम को चौदह वर्ष का वनवास और भरत को राजगद्दी। दशरथ विवश हुए, लेकिन राम ने पिता का वचन निभाते हुए वन गमन का निर्णय लिया। कैकेयी का रोल इलाहाबाद निवासी कलाकार दीपमाला ने निभाया। राम-केवट संवाद में केवट ने चरण धोकर नाव पार की, जिसे दर्शकों ने भाव विभोर होकर देखा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष संजीव मिश्र, राम किशोर राजभर, विनोद मिश्र, कृष्ण गोपाल गुप्ता, अतुल जायसवाल, राधेश्याम शुक्ल, विकाश निषाद, जनमेजय मिश्र, अरुण मिश्र, दिलीप यादव, बब्लू त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह देखा गया।






















