जलालपुर/अम्बेडकर नगर
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नगर भक्तिमय रंग में डूबा रहा। बाबा पलटूदास मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर, श्री शीतला माता मठिया मन्दिर, चक्र सुदर्शन मंदिर, दुर्गा माता मठिया मन्दिर और डाकखाना परिसर,कोतवाली परिसर, छोटी मठिया मंदिर सहित सभी धार्मिक स्थलों पर जन्माष्टमी का उत्सव अलौकिक आस्था के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री, पंचामृत और विविध भोग अर्पित किए गए, वहीं घंट-घड़ियाल और शंखनाद के साथ भजन-कीर्तन की गूँज ने वातावरण को दिव्य बना दिया। महिलाओं ने झूला उत्सव का आयोजन कर कान्हा की बाल-लीलाओं का गुणगान किया और भाव-विभोर हो गईं। संगत मंदिर के बाहर श्री बालाजी शक्ति समिति द्वारा जीवंत झांकी सजाई गई, जिसमें भगवान कृष्ण के जीवन की मनोहारी झलक दिखी और इस झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे नगर में यह पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और गहन भक्ति के साथ संपन्न हुआ, जिसने जलालपुर को एक बार फिर आस्था के रंग में सराबोर कर दिया।





















