October 17, 2026
आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लुहसा मुबारकपुर गांव निवासी 47 वर्षीय मजदूर राम पलट गौतम की सड़क हादसे में घायल होने के बाद शुक्रवार देर शाम मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े बेटे ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, लुहसा मुबारकपुर गांव निवासी राम पलट गौतम पुत्र फिरनती गौतम 15 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे छाऊ ग्रामसभा से मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे थे। गांव पहुंचते ही पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी उन्हें वाराणसी रेफर किया गया।
परिजन उन्हें घर लेकर आ गए थे और वाराणसी ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। राम पलट गौतम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी निर्मला सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चार पुत्र हैं और अभी किसी की शादी नहीं हुई है। पत्रकार चंद्रशेखर यादव






















