जलालपुर/अम्बेडकर नगर
विकास खंड जलालपुर में तीन दिवसीय ‘संवाद जनकल्याण शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर के दूसरे दिन मुख्य अतिथि जिलामंत्री चन्द्रिका प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। गरीब कल्याण की योजनाओं ने आम जन के जीवन को बदल कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम छोर तक पहुँच रहा है।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ दिनेशराम ने कहा, “सरकार की मंशा है कि विकास की धारा का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे। यह शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त मंच है, जहाँ लोग अपनी समस्याएँ सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।”
शिविर का संचालन एडीओ आईएसबी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर महिलाओं ने योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन में आए बदलावों को साझा किया।
इस मौके पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पी.के. बादल, समाज कल्याण अधिकारी जयकरन यादव, वरिष्ठ नेता अशोक उपाध्याय, एडीओ पंचायत बृजेश तिवारी, मीडिया प्रभारी विकाश निषाद, सुपरवाइजर दिव्या अग्रहरि, डिप्टी सीएमओ पशु विभाग डॉ. विनोद कुमार यादव, डॉ. अरविंद कुमार सिंह, लालचंद सहित विभिन्न समूहों और आंगनबाड़ी की महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।






















