सुलतानपुर
जनपद सुलतानपुर के ग्राम लामा बनकठा, मोतिगरपुर निवासी एवं वर्ष 2000 बैच के उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह का भारत सरकार द्वारा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयन किया गया है। भारत सरकार की अधिसूचना के अनुसार 01 जुलाई को उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत किया गया। उनके आईपीएस बनने से जनपद सुलतानपुर में खुशी की लहर है तथा विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पूर्णेन्दु सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला गोपालपुर बड़ा गांव, केंद्रीय विद्यालय अमहट तथा एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। समाजशास्त्र विषय में गोल्ड मेडलिस्ट रहे पूर्णेन्दु सिंह ने वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 11वीं रैंक प्राप्त कर उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, गोंडा, फिरोजाबाद, मऊ, मिर्जापुर तथा लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों में पुलिस क्षेत्राधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) तथा पुलिस अधीक्षक (यातायात) के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। प्रयागराज कुंभ एवं माघ मेले में यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी भी उन्होंने अत्यंत कुशलता से निभाई।
कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं प्रशासनिक दक्षता के लिए उन्हें भारत के प्रधानमंत्री द्वारा प्रशंसा-पत्र, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कुंभ सेवा पदक तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा कमेंडेशन डिस्क (रजत, स्वर्ण एवं प्लैटिनम) सहित 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के प्रशंसा-पत्र प्राप्त हो चुके हैं। गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा उन्हें श्रेष्ठ विवेचक दक्षता पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त अनेक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने भी उन्हें सम्मानित किया है।
खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियां रही हैं। वे प्रयागराज एवं आगरा पुलिस जोन फुटबॉल टीम के कप्तान रहे तथा तैराकी में जोन स्तरीय चैंपियन भी रहे हैं। वर्ष 2005 की वार्षिक पुलिस परेड में पीएसी बल के ध्वजवाहक तथा लगातार पांच वर्षों तक गणतंत्र दिवस परेड के परेड कमांडर रहने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है।
उन्होंने जनपदीय पुलिस के अलावा विजिलेंस, पावर कॉरपोरेशन एवं इंटेलिजेंस जैसी विशिष्ट इकाइयों में भी सेवाएं दी हैं। साथ ही सीबीआई अकादमी, तकनीकी सेवा मुख्यालय, प्रतिष्ठान सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, साइबर सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
उनके आईपीएस में चयन पर आरबीएस कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव, प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी डॉ. एच.बी. सिंह, विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष डॉ. कुंवर दिनकर प्रताप सिंह, विनय पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।























