आजमगढ़ अहरौला
अहरौला की ग्राम पंचायत मतलूबपुर में वर्षों से लंबित नाली और खड़ंजे के निर्माण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया। प्रशासन की पहल पर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
बताया जाता है कि नाली और खड़ंजे का निर्माण लंबे समय से बाधित था। जल निकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने कई बार शिकायत और विरोध जताया था। समस्या के समाधान में देरी से नाराज ग्रामीणों ने कई मकानों पर ‘घर बिकाऊ है’ के पोस्टर भी लगाए थे।
ग्रामीणों ने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो जनप्रतिनिधियों के गांव में प्रवेश का विरोध किया जाएगा। ग्रामीणों के विरोध और लगाए गए पोस्टरों के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद नाली और खड़ंजे का निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में राहत की भावना है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली का निर्माण पूरा होने से जल निकासी की समस्या दूर होगी और आवागमन भी सुगम होगा। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराने की मांग की।
निर्माण कार्य के दौरान उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर, नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं पीड़ित परिवार भी मौके पर उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई और इसके बाद नाली एवं खड़ंजे का निर्माण कार्य आगे बढ़ाया गया.l
संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू की रिपोर्ट





















