उपचार के दौरान महिला की मृत्यु परिजनों ने अस्पताल पर लगाया गम्भीर आरोप

0
12

 

आजमगढ़

बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन में इलाज के दौरान 42 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में शिकायती पत्र भी दिया है।

गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी माधुरी देवी (42) पत्नी विनोद की प्लेटलेट्स कम होने और बुखार की शिकायत के बाद परिजन रविवार को उन्हें इलाज के लिए केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार वहां चिकित्सक डॉ. संदीप मौर्य की देखरेख में महिला का इलाज शुरू किया गया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में महिला को ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा था। एक बोतल चढ़ने के बाद जब दूसरी बोतल चढ़ाई गई तो अचानक महिला की हालत बिगड़ने लगी। उसके मुंह से झाग आने लगा। परिजनों के अनुसार इसके बाद अस्पताल की ओर से महिला को बिना किसी रेफर पेपर के ऑटो से दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि इलाज के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के कारण महिला की जान गई। परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हंगामे की सूचना मिलने पर बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए महिला के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाने पहुंचकर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

सब ब्यूरो चीफ़ महादेव यादव आजमगढ की रिपोर्ट

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें