मुडिला/कादीपुर,उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर कादीपुर तहसील के लेखपालों ने मंगलवार 22 सितंबर 2026 से अतिरिक्त कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। लेखपालों ने अपने अतिरिक्त कार्य क्षेत्रों से जुड़े बस्ते तहसील कार्यालय में जमा कर दिए हैं।
हालांकि लेखपालों ने स्पष्ट किया है कि वे अपने मूल कार्य क्षेत्र में नियमित रूप से काम करते रहेंगे और यह कोई हड़ताल नहीं है।
तहसील अध्यक्ष रणविजय के नेतृत्व में लेखपालों ने आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को संपूर्ण समाधान दिवस के बाद उपजिलाधिकारी कादीपुर को ज्ञापन देकर अपनी समस्याएं बताई गई थीं। इसके बाद मंगलवार को तहसील पहुंचकर अतिरिक्त कार्य क्षेत्रों के बस्ते जमा किए गए।
तहसील अध्यक्ष रणविजय ने बताया कि कादीपुर तहसील क्षेत्र में करीब 400 से ज्यादा गांव हैं। इनके लिए 109 लेखपाल कार्य क्षेत्र निर्धारित हैं। कुल 46 लेखपालों में से 28 क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जबकि 18 लेखपाल कार्यालय के अलग-अलग पटलों पर तैनात हैं। इनमें से चार कलेक्ट्रेट और 14 तहसील कार्यालय में कार्यरत हैं। ऐसे में क्षेत्र में काम करने वाले लेखपालों पर अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ रहा है।
संघ की मुख्य मांगों में अंतरमंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करना और चयन वर्ष 2026 की विभागीय परीक्षा के परिणाम व प्रमाण पत्र घोषित करना शामिल है। इसके अलावा भत्तों में बढ़ोतरी और भूलेख व अन्य सहायक कामों से जुड़े लेखपालों को इन जिम्मेदारियों से मुक्त करने की भी मांग की गई है।
विवेक कुमार पत्रकार मुडिला



















